Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 07 जून । सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश ने शनिवार को कस्बा, देहात के विभिन्न प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, दवा उपलब्धता, साफ-सफाई और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान कई केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं, जबकि कुछ स्थानों पर कमियां पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिसावर में चिकित्सा एवं पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद मिला। केंद्र पर साफ-सफाई और व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। दवा कक्ष में आवश्यक दवाओं की सूची के अनुसार सभी 195 प्रकार की दवाएं उपलब्ध थीं। हालांकि, प्रसव कक्ष में वार्मर अक्रियाशील पाया गया, जिसे सीएमओ ने तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टाफ नर्स को एनसीडी स्क्रीनिंग कार्य में तेजी लाने को भी कहा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिलारा में निरीक्षण के समय 37 मरीजों की ओपीडी दर्ज की गई थी। यहां 195 में से केवल 145 प्रकार की दवाएं ही उपलब्ध मिलीं। सीएमओ ने ड्रग वेयरहाउस से शेष दवाएं तत्काल मंगाने के निर्देश दिए। उन्होंने एआरवी इंजेक्शन का डोज चार्ट प्रदर्शित करने और गर्मी को देखते हुए मरीजों के लिए ओआरएस युक्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरसण्डा में 33 मरीजों की ओपीडी दर्ज की गई। केंद्र पर 171 प्रकार की दवाएं उपलब्ध थीं। सीएमओ ने दवा उपलब्धता को पूर्ण करने तथा अस्पताल को पूरी तरह क्रियाशील बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यक स्टाफ की तैनाती की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी कराने पर जोर दिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊंचागांव में चिकित्साधिकारी डॉ. सुमित चौहान, फार्मासिस्ट राजीव कुमार गर्ग और वार्ड बॉय जितेंद्र कुमार अनुपस्थित पाए गए। हालांकि, केंद्र की साफ-सफाई और प्रसव कक्ष की व्यवस्था संतोषजनक थी। यहां 195 में से 170 प्रकार की दवाएं उपलब्ध थीं। सीएमओ ने शेष दवाएं उपलब्ध कराने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश दिए। अनुपस्थित वार्ड बॉय से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के लिए सादाबाद के चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया गया है। निरीक्षण के अंत में सीएमओ ने स्पष्ट किया कि आरोग्य मेलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page