
हाथरस 03 अगस्त। फ्रेंडशिप डे के अवसर पर इनरव्हील क्लब ऑफ रॉयल की ओर से अलीगढ़ रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में स्नेहिल मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्लब सदस्यों के बीच आपसी मित्रता, सहयोग और सौहार्द की भावना को और मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में क्लब की सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और एक-दूसरे के साथ मित्रता के भाव साझा किए। क्लब अध्यक्ष दीप्ति बूटिया ने सभी सदस्यों को फ्रेंडशिप डे की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन सदस्यों के बीच आत्मीयता, एकता और समर्पण की भावना को और मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि मित्रता केवल व्यक्तिगत संबंधों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में प्रेम, सहयोग और सौहार्द को बढ़ावा देने का माध्यम भी है। क्लब सचिव डॉ. लक्ष्मी अरोरा ने कहा कि सच्ची मित्रता विश्वास, सम्मान और सहयोग की मजबूत नींव पर टिकी होती है। इनरव्हील क्लब का प्रत्येक सदस्य इसी भावना के साथ समाजसेवा के कार्यों में योगदान देता है और जरूरतमंदों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहता है।
कार्यक्रम के दौरान क्लब सदस्यों ने विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों, खेलों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। सदस्यों ने एक-दूसरे को फ्रेंडशिप बैंड पहनाकर मित्रता और सौहार्द का संदेश दिया। इस दौरान सभी ने समाज में प्रेम, सद्भाव और सहयोग की भावना को बढ़ावा देने का संकल्प भी लिया। अंत में सामूहिक भोज और आपसी संवाद के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष दीप्ति बूटिया, सचिव डॉ. लक्ष्मी अरोरा, पूर्व अध्यक्ष राधा गावर, कोषाध्यक्ष पायल गुलाटी, आईएसओ दीपिका शर्मा, एडिटर नेहा गुप्ता के अलावा दीपा चड्ढा, सीमा, भारती, जूही, दीपा, पूजा, ज्योति, जिया, दीप्ति अग्रवाल, कोमल, नीतू, रेनू, नेहा, तनु, सपना, लीना, कमलेश, सुमन, मोनिका एवं रुपाली सहित क्लब की अन्य सदस्य मौजूद रहीं।








