
सादाबाद 16 अगस्त। सादाबाद इंटर कॉलेज में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक कुं. मेहमूद अली खान द्वारा ध्वजारोहण कर किया गया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान हुआ। इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजेश कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के उपरांत मुख्य अतिथि एसडीएम सादाबाद रितु सिरोही द्वारा शहीद स्मारक पर माल्यार्पण किया तथा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, कविता, भाषण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रप्रेम को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। समारोह में मुख्य अतिथि एसडीएम सादाबाद रितु सिरोही ने विद्यार्थियों से देश के संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रीय एकता के प्रति निष्ठावान रहते हुए शिक्षा के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनके ज्ञान, अनुशासन एवं संस्कारों से ही भारत को मजबूत एवं विकसित राष्ट्र बनाने का सपना साकार होगा समारोह में विशिष्ट अतिथि पुलिस क्षेत्राधिकारी जे एन अस्थाना, एवं क्षेत्र के कई प्रमुख गणमान्य नागरिकों के साथ विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रवक्ता मेवाराम एवं धर्मवीर सिंह ने संयुक्त रूप से किया। अंत में प्रधानाचार्य राजेश कुमार द्वारा अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए समारोह का समापन किया गया।







