Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 18 जून । निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा कस्बे में लोगों को बेहतर जल मुहैया कराने के लिए प्रमुख, भीड़भाड़ वाले स्थानों आरओ लगवाए गए थे। आगरा गेट क्षेत्र में लाखों की लागत से तैयार आरओ तीन साल से ज्यादा समय से खराब पड़ा है लेकिन नगर पंचायत को कोई फिक्र नहीं है। गर्मी में अब इसे लेकर पूर्व विधायक प्रताप चौधरी ने नाराजगी जताई है।

कस्बे के लोगों को शुद्ध पेयजल आपूर्ति के लिए नगर पंचायत द्वारा लाखों खर्च करके प्रमुख स्थानों पर आरो सिस्टम लगवाये गए थे। लोगों की भीड़ को देखते हुए एक आरओ सिस्टम तहसील परिसर में जबकि दूसरा न्यायालय परिसर में लगवाया गया था। तीसरा सिस्टम आगरा गेट क्षेत्र में हनुमान बगीची के सामने स्थापित किया गया था। एक आरओ सिस्टम को लगाने में 8 से 10 लख रुपए खर्च किए गए थे। देखरेख के अभाव में चाहे जब आरओ सिस्टम बंद हो जाते हैं। कुछ दिन पहले तहसील परिसर में लगे आरओ सिस्टम से जलापूर्ति बंद हो गई थी। जबकि न्यायालय परिसर में लगे आरओ सिस्टम को लेकर भी कई बार नगर पंचायत को शिकायत मिल चुकी हैं। फिलहाल दोनों आरओ सिस्टम सेवा में है लेकिन हनुमान बगीची के सामने लगा आरो सिस्टम करीब साढ़े तीन साल से बंद पड़ा है। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत को कई बार इस बारे में सूचित किया है। नगर पंचायत कर्मचारी कई बार इसका हाल देख चुके हैं लेकिन आज तक आरओ सिस्टम को दुरुस्त नहीं किया गया। गर्मी के मौसम में लोग पानी के लिए भटकते हैं। गुरुवार को पूर्व विधायक प्रताप चौधरी ने आगरा गेट क्षेत्र पहुंचकर खराब आरओ सिस्टम को लेकर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि अगर शीघ्र ही आरओ को ठीक नहीं किया गया तो वह इसके लिए आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इसे लेकर अधिशासी अधिकारी विकास जैन ने बताया कि उन्हें इस समस्या के बारे में पता चला है। एसडीएम साहब ने भी फोन करके इस समस्या के बारे में अवगत कराया है। आने वाले दो दिनों में आरओ सिस्टम को ठीक कर दिया जाएगा और लोगों को फिर से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page