
हाथरस 13 जुलाई। बांग्ला संयुक्त जिला चिकित्सालय, हाथरस में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सूर्य प्रकाश के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई। उनकी उपस्थिति एवं संबंधित अधिकारियों तथा कर्मचारियों के सहयोग से चिकित्सालय स्थित पीएसए (PSA) ऑक्सीजन प्लांट में बूस्टर पंप का सफलतापूर्वक इंस्टॉलेशन किया गया। बूस्टर पंप की स्थापना के बाद मौके पर ही एक ऑक्सीजन सिलेंडर को सफलतापूर्वक रिफिल कर उसका परीक्षण किया गया, जो पूरी तरह सफल रहा। इस उपलब्धि के साथ अब जिला चिकित्सालय को ऑक्सीजन सिलेंडरों की रिफिलिंग के लिए बाहरी संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। अब चिकित्सालय की आवश्यकता के अनुसार सभी ऑक्सीजन सिलेंडरों की रिफिलिंग पीएसए ऑक्सीजन प्लांट के माध्यम से ही की जाएगी। इससे समय और संसाधनों की बचत होगी, ऑक्सीजन की उपलब्धता अधिक सुगम एवं त्वरित होगी तथा आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को बेहतर और शीघ्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सूर्य प्रकाश ने इस कार्य में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने निर्देश दिए कि पीएसए ऑक्सीजन प्लांट का नियमित संचालन एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि मरीजों को निर्बाध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण ऑक्सीजन सुविधा लगातार उपलब्ध होती रहे।











