Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 अक्टूबर । विजयादशमी के पर्व पर मंगलवार देर शाम आगरा रोड स्थित एमजी पॉलीटेक्निक मैदान में 65 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। भगवान श्रीराम के स्वरूप ने जैसे ही रावण पर अग्निबाण चलाया, पुतला धू-धूकर जलने लगा। आतिशबाजी के बीच पूरा मैदान जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। जिले में करीब 13 प्रमुख स्थानों पर रावण के पुतलों का दहन किया गया। करीब डेढ़ लाख रुपये की लागत से तैयार 65 फीट ऊंचे रावण के पुतले को देखने के लिए दोपहर से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। देहात क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग मेला देखने पहुंचे। मैदान में भगवान श्रीराम और लक्ष्मण के स्वरूपों के साथ विभिन्न धार्मिक झांकियां लाई गईं। माता काली, हनुमान जी और वानर सेना के स्वरूपों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद राम-रावण युद्धलीला का मंचन किया गया। जैसे ही श्रीराम के स्वरूप ने अग्निबाण चलाया, रावण का पुतला आग की लपटों में घिर गया और कुछ देर बाद धराशायी हो गया।

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम, पुलिस ने संभाली भीड़

रावण दहन कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए थे। मैदान में चारों ओर बैरिकेडिंग की गई थी, ताकि लोग पुतले के नजदीक न पहुंच सकें। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। भारी भीड़ के चलते पुलिस को लोगों को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुतले में लगी आग को बुझाने के लिए कुछ देर बाद अग्निशमन विभाग की मदद भी ली गई।

रूट डायवर्जन के बाद भी आगरा रोड पर लगा जाम

विजयादशमी के मेले में उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुबह आठ बजे से ही आगरा रोड पर रूट डायवर्जन लागू कर दिया था। इसके बावजूद रावण दहन के बाद सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ गया, जिससे आगरा रोड पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

रामलीला समिति के पदाधिकारी और आयोजक रहे मौजूद

रावण दहन के अवसर पर डॉ. अविन शर्मा, राम बहादुर यादव, कैलाश चंद अग्रवाल, मुकेश गौतम, राम अवतार यादव, सुरेंद्र कुमार भाटिया, कृष्ण कुमार (रामलीला कमेटी प्रबंधक), पवन गौतम (उप प्रबंधक), मुकेश शर्मा, सिद्धार्थ बांठिया, पंकज यादव, विनय माहेश्वरी, योगेश टालीवाल, सचिन माहेश्वरी, राकेश कुमार अग्रवाल, प्रमोद कुमार अग्रवाल, गोविंदराम शर्मा, अमित यादव, आलोक यादव और अर्पित यादव समेत कई लोग शामिल हुए। रावण दहन के साथ ही लोगों ने विजयादशमी का पर्व उत्साह और उल्लास के साथ मनाया। इस आयोजन ने एक बार फिर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page