
हाथरस 04 मई । जनपद के दिव्यांगजनों को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से शासन द्वारा नि:शुल्क कृत्रिम उपकरण उपलब्ध कराने की योजना शुरू की गई है। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी विशाल कुमार ने बताया कि जनपद के ऐसे दिव्यांगजन जिनकी आयु 0 से 24 वर्ष के मध्य है और जिनके हाथ या पैर (घुटने के ऊपर या नीचे से) कटे हुए हैं, उन्हें नि:शुल्क कृत्रिम अंग लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, योजना के तहत 0 से 5 वर्ष तक के मूक-बधिर बच्चों के लिए ‘कॉकलियर इम्प्लांट’ की सुविधा भी पूरी तरह नि:शुल्क प्रदान की जाएगी। इच्छुक और जरूरतमंद दिव्यांगजन अपना आवेदन पत्र आगामी 31 मई 2026 तक किसी भी कार्य दिवस में विकास भवन स्थित कार्यालय (कक्ष संख्या-104) में जमा कर सकते हैं। आवेदन के साथ दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जाति व निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, आधार कार्ड या वोटर आईडी और एक पासपोर्ट साइज फोटो की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य है। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने अपील की है कि अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजन इस योजना का लाभ उठाने के लिए समय सीमा के भीतर आवेदन करें।
























