
हाथरस 04 मई । पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव 2026 के परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ऐतिहासिक और प्रचंड जीत दर्ज करने पर जनपद के भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में भारी उत्साह देखा गया। सोमवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मीडिया प्रभारी डॉ. राजीव सेंगर के बागला कॉलेज मार्केट स्थित प्रतिष्ठान पर विजय उत्सव मनाया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य किया और जमकर आतिशबाजी की। डॉ. राजीव सेंगर ने उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं का मुंह मीठा कराते हुए कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम है। बंगाल में भाजपा का 200 पार जाना और असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनाना जनता के अटूट विश्वास को दर्शाता है। विजय उत्सव के दौरान भाजपा नेत्री सुनीता मिश्रा, अनिल कुमार गुप्ता, बंशी पंडित, शिवशंकर गुलाटी, वीरेंद्र उपाध्याय, शिव कुमार गौतम, ब्रज भूषण, राजेश और प्रवीण दीक्षित सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और मिष्ठान खिलाकर जीत की बधाई दी।
























