Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 28 अप्रैल । उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की इंटरमीडिएट परीक्षा में जिले का नाम रोशन करने वाली मेधावी छात्राओं के सम्मान में महिला थाना हाथरस में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने जनपद की टॉपर छात्रा कु. दीक्षा (शिवाय इण्टर कॉलेज सादाबाद), जिन्होंने 94.20 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, और कु. मीरा (एस.एन.एस.बी.डी. इण्टर कॉलेज मेण्डू), जिन्होंने 89.40 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं की सफलता की सराहना करते हुए कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने शिक्षा को आत्मनिर्भरता और समाज में सकारात्मक बदलाव का सबसे सशक्त माध्यम बताया। एसपी ने छात्राओं से सीधा संवाद कर उनके भविष्य के लक्ष्यों की जानकारी ली और उन्हें करियर के प्रति महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने प्रेरित करते हुए कहा कि उच्च लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करना ही सफलता की कुंजी है। कार्यक्रम के दौरान एसपी ने छात्राओं के अभिभावकों और गुरुजनों के योगदान की भी प्रशंसा की। वहीं, मेधावी छात्राओं ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों के मार्गदर्शन और नियमित स्वाध्याय को दिया। समारोह के अंत में सभी के लिए सूक्ष्म जलपान की व्यवस्था की गई और पुलिस अधीक्षक ने सभी छात्राओं को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पुलिस विभाग के अधिकारी, अभिभावक और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page