
हाथरस 28 अप्रैल । उच्च न्यायालय इलाहाबाद एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के आदेशानुसार आगामी 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जनपद न्यायाधीश विनय कुमार-तृतीय की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। जनपद न्यायालय स्थित विश्राम कक्ष में आयोजित इस बैठक में जनपद न्यायाधीश ने सभी न्यायिक मजिस्ट्रेटों के साथ अधिक से अधिक वादों के निस्तारण को लेकर चर्चा की। बैठक के दौरान उन्होंने प्रत्येक न्यायालय के पीठासीन अधिकारी से अब तक चिन्हित किए गए वादों की संख्या और जारी किए गए सम्मन व नोटिसों की तामीला की अद्यतन स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।
जनपद न्यायाधीश ने उपस्थित न्यायिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अधिक से अधिक वादों के निस्तारण के लिए प्रभावी कदम उठाएं। उन्होंने विशेष रूप से पुराने वादों पर ध्यान केंद्रित करने को कहा और निर्देश दिया कि ऐसे मामले जिन्हें सुलह-समझौते के आधार पर खत्म किया जा सकता है, उनमें पक्षकारों को आपसी सहमति के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने जोर दिया कि इस राष्ट्रीय आयोजन का उद्देश्य जनता को त्वरित और सुलभ न्याय प्रदान करना है, इसलिए चिन्हित वादों के निस्तारण हेतु भरसक प्रयास किए जाएं।
इस अवसर पर अपर जनपद न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी प्रशांत कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव जयहिन्द कुमार सिंह सहित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सूरज मिश्रा, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट आंकाक्षा गर्ग, आंकाक्षा तिवारी, दीपक नाथ सरस्वती, ईशा अग्रवाल, सारांश शर्मा, खुशबू चन्द्रा, अर्जीत सिंह, रॉविन कुमार एवं शिव कुमार यादव जैसे तमाम न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।


























