Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 15 अप्रैल । क्षेत्र के गांव गढ़ी हरबल में पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पहले कार्रवाई नहीं की, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक के हस्तक्षेप पर 16 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित महेशचंद पुत्र सौदान सिंह के अनुसार घटना 22 मार्च 2026 की शाम करीब 7:30 बजे की है, जब गांव के कई लोग लाठी-डंडे, ईंट और धारदार हथियार लेकर उनके घर में घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने घर में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर महेशचंद समेत परिवार के अन्य सदस्यों मोहिनी, हेमलता, कविता, राहुल, ऊषा, ज्ञानप्रकाश और मुन्नी देवी पर हमला कर दिया। मारपीट में सभी को गंभीर चोटें आईं, जबकि मुन्नी देवी के सिर पर ईंट से वार किए जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। आरोपियों ने घर में खड़े ट्रैक्टर को भी क्षतिग्रस्त किया और पशुओं के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं, देर रात करीब 11 बजे हमलावरों ने दोबारा हमला कर घर की समरसेबल तोड़ दी और ईंट-पत्थर फेंककर भारी नुकसान पहुंचाया। घटना के दौरान परिवार ने डायल 112 पर सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी आरोपी फरार हो गए। घायल मुन्नी देवी का मेडिकल कराया गया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी लगातार उन्हें धमकी दे रहे हैं, जिससे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है। मामले में 13 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज की गई है। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page