
हाथरस 13 मई । जनपदवासियों के लिए राहत भरी खबर है। जिलाधिकारी अतुल वत्स की पहल पर लोक निर्माण विभाग (PWD) ने शहर को एक और नए बाईपास की सौगात देने की तैयारी पूरी कर ली है। करीब 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले इस प्रोजेक्ट को विभाग ने इस साल की कार्ययोजना में शामिल कर लिया है और इसका सर्वे कार्य भी शुरू हो चुका है। यह नया बाईपास सिकंदराराऊ रोड पर स्थित मेंडू से नगला भुस (आगरा रोड) तक तैयार किया जाएगा। इसके बन जाने से सिकंदराराऊ से हाथरस होकर आगरा की ओर जाने वाले भारी वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश नहीं करना पड़ेगा, जिससे नगर में लगने वाले जाम से बड़ी निजात मिलेगी। वर्तमान में सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र की बड़ी कंपनियों और फैक्ट्रियों से माल लेकर निकलने वाले ट्रकों को जलेसर रोड होकर शहर के बीच से गुजरना पड़ता है। नए बाईपास के निर्माण से ये वाहन सीधे आगरा मार्ग पर फर्राटा भर सकेंगे। जिलाधिकारी के निर्देश पर अधिशासी अभियंता संजीव वर्मा ने इस प्रस्ताव को शासन भेजने की तैयारी कर ली है। लोक निर्माण विभाग की योजना के अनुसार इस बाईपास की कुल लंबाई लगभग 12 किलोमीटर होगी। मार्ग में पड़ने वाली रेलवे की छोटी लाइन पर एक रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण किया जाएगा। यातायात को सुगम बनाने के लिए मार्ग में कई कट (Cuts) भी दिए जाएंगे। बाईपास के निर्माण की सुगबुगाहट के साथ ही क्षेत्र में विकास की संभावनाएं बढ़ गई हैं। जानकारों का मानना है कि इससे न केवल नई कॉलोनियां विकसित होंगी, बल्कि औद्योगिक क्षेत्र का विस्तार होने से रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। इस घोषणा के बाद से ही प्रस्तावित रूट के आसपास की जमीनों के रेट आसमान छूने लगे हैं।


























