
हाथरस 30 अगस्त। जलेसर रोड स्थित काशीराम कॉलोनी में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, 42 वर्षीय भूरी सिंह पुत्र बनी सिंह मूल रूप से आगरा के खड़िया का रहने वाला था और पिछले काफी समय से हाथरस की काशीराम कॉलोनी में रह रहा था। रविवार सुबह घर में किसी तरह की हलचल नहीं हुई तो पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने घर में झांककर देखा तो भूरी सिंह का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर कब्जे में लिया। पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि भूरी सिंह की दूसरी शादी आगरा में हुई थी और उसकी पत्नी कुछ समय से आगरा में रह रही थी। वह मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता था। परिजनों के अनुसार, पिछले कुछ समय से वह शराब का आदी हो गया था। बताया जा रहा है कि शनिवार रात भी भूरी सिंह शराब के नशे में घूम रहा था, जिस पर उसके रिश्तेदारों ने उसे टोका था। इसके बाद रविवार सुबह उसका शव फांसी के फंदे पर मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार और रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101













