
हाथरस 28 जुलाई । हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन का स्वरूप जल्द बदलने जा रहा है। उत्तर मध्य रेलवे ने स्टेशन के पुनर्विकास की दिशा में कवायद तेज कर दी है। इसके तहत स्टेशन परिसर का विस्तृत सर्वे कराया जा रहा है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर स्टेशन की मुख्य प्रशासनिक इमारत का पुनर्निर्माण किया जाएगा। साथ ही भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रेलवे ट्रैकों के विस्तार और स्टेशन परिसर के समग्र विकास की योजना तैयार की जा रही है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार हाथरस जंक्शन पर रेलवे ट्रैकों की संख्या बढ़ाने की योजना पर भी कार्य चल रहा है। इसी उद्देश्य से मौजूदा स्टेशन भवन के स्थान, यार्ड और उपलब्ध भूमि का तकनीकी आकलन किया जा रहा है। प्रस्तावित योजना के तहत नई मुख्य प्रशासनिक इमारत स्टेशन के मौजूदा यार्ड की ओर विकसित की जाएगी, जिससे वर्तमान मुख्य द्वार की ओर अतिरिक्त रेलवे ट्रैक बिछाने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो सकेगा। सर्वे के दौरान रेलवे आवास, कार्यालयों और अन्य आवश्यक भवनों के निर्माण की संभावनाओं का भी अध्ययन किया जा रहा है। इसके आधार पर स्टेशन का नया लेआउट तैयार किया जाएगा, जिसमें भविष्य में बढ़ने वाले रेल यातायात और यात्री सुविधाओं को भी शामिल किया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सर्वे रिपोर्ट तैयार होने के बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) बनाकर उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, प्रयागराज भेजी जाएगी। वित्तीय स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) अमित कुमार सिंह ने बताया कि हाथरस जंक्शन के पुनर्विकास की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है और सर्वे के आधार पर स्टेशन का नया प्रारूप तैयार किया जाएगा। नई योजना के तहत स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के साथ ही रेलवे ट्रैक, प्रशासनिक भवन, आवासीय परिसर और अन्य आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का भी विकास किया जाएगा।











