
लखनऊ 11 मई । उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने प्रदेश की सबसे बड़ी भर्तियों में से एक, ‘लेखपाल भर्ती मुख्य परीक्षा’ की तैयारी पूरी कर ली है। आयोग ने 21 मई 2026 को होने वाली इस परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों वाले जिलों की सूची जारी कर दी है। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट upsssc.gov.in पर निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद अपने आवंटित परीक्षा शहर की जानकारी देख सकते हैं। इस भर्ती अभियान के माध्यम से प्रदेश भर में लेखपाल के कुल 7,994 रिक्त पदों को भरा जाना है। प्रारंभिक अहर्ता परीक्षा (PET) 2025 की मेरिट के आधार पर मुख्य परीक्षा के लिए कुल 3.67 लाख अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। आंकड़ों के अनुसार, एक पद के लिए लगभग 46 दावेदार मैदान में हैं, जिससे प्रतिस्पर्धा काफी कड़ी होने की उम्मीद है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभी जारी की गई सूची केवल परीक्षा शहर और समय की अग्रिम सूचना देने के लिए है ताकि अभ्यर्थी अपनी यात्रा की योजना समय रहते बना सकें। यह प्रवेश पत्र (Admit Card) नहीं है। विस्तृत केंद्र पते वाला मुख्य एडमिट कार्ड परीक्षा से मात्र 4 से 5 दिन पूर्व ही जारी किया जाएगा, जिसे दिखाकर ही केंद्र में प्रवेश मिलेगा। लेखपाल मुख्य परीक्षा 21 मई को पूर्वाह्न 10 बजे से 12 बजे के बीच ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी।
इस बार परीक्षा के सिलेबस में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। 100 नंबर की 2 घंटे की बहुविकल्पीय सवालों पर आधारित परीक्षा होगी। इसमें गणित की जगह डाटा इंटरप्रिटेशन को शामिल किया गया है। इससे जुड़े लगभग 10 सवाल होंगे। कंप्यूटर और सूचना प्रौद्योगिकी को भी सिलेबस में शामिल किया गया है। पहले यह नहीं था। परीक्षा में माइनस मार्किंग भी होगी। आयोग ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी स्थिति की जांच करें और समय रहते शुल्क जमा कर अग्रिम सूचना प्राप्त कर लें।





















