Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 अप्रैल । थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव राजपुर में पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने एक दुखद मोड़ ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद पति ने फंदा बनाकर फांसी लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से परिवार में चीख-पुकार मची हुई है। जानकारी के अनुसार, जीतू (32 वर्ष) पुत्र विजय सिंह, निवासी गांव राजपुर का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया जा रहा है कि गृह क्लेश से तंग आकर युवक ने आत्मघाती कदम उठाते हुए कमरे में फंदा लगाकर फांसी लगा ली। घटना की जानकारी परिजनों को देर रात करीब 2:00 बजे हुई, जब उन्होंने युवक को फंदे पर लटका देखा। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना हाथरस जंक्शन पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और रात लगभग 3:30 बजे पंचनामा की कार्यवाही पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया। घटना के संबंध में थाना प्रभारी हाथरस जंक्शन, ललित कुमार शर्मा ने बताया कि गांव राजपुर में एक युवक द्वारा फांसी लगाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राथमिक जांच में मामला पति-पत्नी के विवाद और गृह क्लेश का सामने आ रहा है। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों को स्पष्ट किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page