Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (पुरदिलनगर) 14 अप्रैल । कस्बे के अंबेडकर तिराहा पर भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महान विचारक व संविधान निर्माता ‘भारत रत्न’ डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाई। भाजपा मंडल अध्यक्ष सचिन दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष सचिन दीक्षित ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 14 अप्रैल को अब ‘राष्ट्रीय समरसता दिवस’ के रूप में एक नई पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने जिस सामाजिक समरसता और समानता का सपना देखा था, उसे आज पूरा देश एक उत्सव के रूप में मना रहा है। सचिन दीक्षित ने आगे कहा कि बाबा साहब के सामाजिक न्याय के सपनों को वास्तविक रूप से धरातल पर उतारने का कार्य भाजपा सरकार ने किया है। ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के मूल मंत्र के साथ सरकार समाज के हर वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ रही है और सामाजिक न्याय को जमीनी स्तर पर मजबूत कर रही है। कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से हरीश गोयल, अभिनव जाखेटिया, मोहन सिंह, हरप्रसाद बघेल, दिनेश कुमार खटीक, मनोज कुशवाह और निखिल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहब के दिखाए मार्ग पर चलने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page