Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ 14 अप्रैल । भारतीय संविधान के शिल्पकार और सामाजिक न्याय के प्रतीक डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भारी उत्साह दिखाया। सपाइयों ने न केवल अंबेडकर शोभा यात्रा का भव्य स्वागत किया, बल्कि साइकिल रैली निकालकर गांव-गांव जाकर बाबा साहब के संदेशों का प्रचार-प्रसार भी किया। आज सुबह दस बजे जीटी रोड स्थित सपा कैंप कार्यालय पर अंबेडकर शोभा यात्रा का आगमन हुआ। इस दौरान सपा नेता प्रबल प्रताप सिंह धनगर उर्फ राकेश बघेल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने शोभा यात्रा पर पुष्प वर्षा कर जोरदार स्वागत किया। शोभा यात्रा के स्वागत के पश्चात सपा नेता राकेश बघेल ने कार्यकर्ताओं के साथ एक विशाल साइकिल रैली निकाली। यह रैली क्षेत्र के गांव सराय, देवर, महामई और हुसैनपुर आदि गांवों में पहुंची। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन संघर्ष और उनकी उपलब्धियों के बारे में विस्तार से बताया गया। इस दौरान विभिन्न गांवों में स्थापित बाबा साहब की प्रतिमाओं पर सपा नेताओं ने माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर संबोधित करते हुए सपा नेता राकेश बघेल ने कहा कि समाजवादी पार्टी की विचारधारा सदैव महापुरुषों के सम्मान और सामाजिक न्याय पर आधारित रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा डॉ. भीमराव अंबेडकर को सर्वोच्च सम्मान दिया है। वे भारतीय संविधान के शिल्पकार और सामाजिक न्याय के वैश्विक प्रतीक हैं। उनके द्वारा दिखाया गया मार्ग ही देश में समानता और बंधुत्व स्थापित कर सकता है। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने बाबा साहब के जयकारों के साथ एकता का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page