
हाथरस 05 मई । कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र की विष्णुपुरी कालोनी में सोमवार रात दावत खाकर घर लौट रहे युवक के साथ मारपीट और लूट की वारदात सामने आई है। आरोप है कि रिलायंस टावर के पास पहले से मौजूद सात युवकों ने युवक को रोककर माचिस मांगी, इनकार करने पर घेरकर पीटा और जेब में रखे 485 रुपये छीन लिए। घायल युवक का जिला अस्पताल में इलाज कराया गया। पीड़ित ने थाना हाथरस गेट में तहरीर दी है। गंगा नगर कालोनी निवासी मोरमुकुट ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार रात वह विष्णुपुरी से दावत खाकर रिलायंस टावर वाली गली से घर लौट रहा था। टावर के पास एक नामजद आरोपित अपने छह साथियों के साथ बैठा था। मोरमुकुट के वहां पहुंचते ही एक आरोपित ने आवाज देकर उसे रोका और माचिस मांगी। मोरमुकुट ने कहा कि उसके पास माचिस नहीं है। आरोप है कि इतना सुनते ही एक आरोपी दौड़कर आया और उसे दबोच लिया। पीड़ित के अनुसार, जब उसने बचने का प्रयास किया तो सभी आरोपित हमलावर हो गए। जबरन उसकी जेब में रखे 485 रुपये निकाल लिए। विरोध करने पर आरोपितों ने उसे जमीन पर गिराकर लात-घूसों से पीटा। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे तो सभी आरोपित धमकी देते हुए भाग निकले। सूचना स्वजन पहुंचे और घायल मोरमुकुट को जिला अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज हुआ।

























