हाथरस 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ब्रह्माकुमारी तपस्या धाम, हाथरस में प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक विशेष योग एवं राजयोग मेडिटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी सीता दीदी जी के नेतृत्व एवं निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में भाई-बहनों ने सहभागिता कर योग एवं आध्यात्मिक साधना का लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभु स्मृति एवं राजयोग मेडिटेशन के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित सभी भाई-बहनों ने योगाभ्यास किया तथा योगिक जीवनशैली को अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान आध्यात्मिक ऊर्जा एवं सकारात्मक वातावरण का अनुभव करते हुए प्रतिभागियों ने मन, बुद्धि और आत्मा के संतुलन की अनुभूति की। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी सीता दीदी जी ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मन को शांति, शक्ति और सकारात्मकता प्रदान करने वाली एक श्रेष्ठ आध्यात्मिक विधि है। उन्होंने कहा कि नियमित योग एवं राजयोग मेडिटेशन के अभ्यास से व्यक्ति तनावमुक्त, संतुलित एवं आत्मिक रूप से सशक्त बनता है। योग व्यक्ति को स्वयं से और परमात्मा से जोड़ने का प्रभावी साधन है। उन्होंने उपस्थित सभी भाई-बहनों को प्रतिदिन कुछ समय योग एवं ध्यान के लिए निकालने की प्रेरणा देते हुए कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में मानसिक शांति और आंतरिक शक्ति की सबसे अधिक आवश्यकता है, जिसे योग के माध्यम से सहज रूप से प्राप्त किया जा सकता है।
इस अवसर पर बी.के. रश्मि बहन, बी.के. अनिता बहन, बी.के. राधा बहन, कजली राजोरिया, श्री कृष्णा शर्मा, बंटी भाई, विपिन भाई, करन भाई, हिमांशु भाई, अमित भाई, सुधांशु भाई, सुनीता बहन, सत्यवती बहन, रीना बहन, प्रीति बहन, प्रभा माताजी, शांति माताजी, निर्मला बहन, कमलेश बहन, हेमलता बहन, पूनम बहन, अंजू बहन, कुमारी आस्था एवं कुमारी उन्नति सहित अनेक भाई-बहनों ने सहभागिता कर योग एवं राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास किया। कार्यक्रम का समापन विश्व शांति, मानव कल्याण एवं सकारात्मक संकल्पों के साथ किया गया। उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने अपने जीवन में योग एवं राजयोग को नियमित रूप से अपनाने का संकल्प लिया।


























