
हाथरस 14 अप्रैल । हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव अजीतपुर में मंगलवार को बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही के चलते एक किसान की मेहनत जलकर खाक हो गई। पास के खेत में 33 केवी लाइन का खंभा टूटने से 11 हजार की लाइन में फाल्ट हुआ, जिससे निकली चिंगारी के कारण हाईटेंशन तार टूटकर सीधे गेहूं की खड़ी फसल पर गिर गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और किसान की दो बीघा फसल जलकर राख हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के किसान शिवराज सिंह पुत्र राजपाल सिंह ने करीब 32 बीघा खेत में गेहूं की फसल बोई थी। फसल पूरी तरह पककर तैयार खड़ी थी। मंगलवार को जब हाईटेंशन तार टूटा, तो पकी हुई फसल में तत्काल आग लग गई। आग की लपटें देख ग्रामीण बचाव के लिए खेतों की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने दमकल विभाग को फोन करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए स्वयं ही आग बुझाने के प्रयास शुरू किए और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। ग्रामीणों की सूझबूझ से शिवराज सिंह की शेष 30 बीघा फसल जलने से बच गई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। पीड़ित किसान और ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ गहरा रोष व्यक्त किया है। उनका कहना है कि जर्जर तारों और खंभों की स्थिति के बारे में विभाग को पहले भी अवगत कराया जा चुका था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी लापरवाही का नतीजा है कि आज किसान की दो बीघा फसल बर्बाद हो गई और वह आर्थिक संकट में आ गया है। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से पीड़ित किसान को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।


























