
हाथरस 09 मई । करवला रोड स्थित आर.बी.एस. पब्लिक स्कूल में शनिवार को ‘न्यू राधा कृष्ण सेवा समिति’ एवं विद्यालय प्रबंधन के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्र गौरव महाराणा प्रताप की जयंती अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी को महाराणा प्रताप के संघर्ष, त्याग और उनके अदम्य साहस से परिचित कराना रहा। समारोह का शुभारंभ विद्यालय के डायरेक्टर राजकुमार सिंह एवं समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक पौरुष द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर शौर्य और वीरता के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। कार्यक्रम का कुशल संचालन समिति के जिला अध्यक्ष रनसिंह सिसोदिया ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महाराणा प्रताप मात्र एक राजा नहीं, बल्कि स्वाभिमान और वीरता के शाश्वत प्रतीक हैं, जिनका जीवन हमें विपरीत परिस्थितियों में भी झुकना नहीं सिखाता।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष मनीष उपाध्याय, जिला कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार, जिला सलाहकार राकेश रसिक राघव और जिला सचिव ओमवीर सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में खुशबू पौरुष, दीक्षा वार्ष्णेय, मोनिका शर्मा, पिंकी पांडे, सुमन कुशवाहा, लता कुशवाहा, कविता कुशवाहा, मिथलेश कुशवाहा, स्वीटी अवस्थी और उमा उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। वक्ताओं ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी अपने धर्म और देश के प्रति निष्ठा रखना ही महाराणा प्रताप को सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शैक्षणिक स्टाफ और सेवा समिति के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। समारोह के अंत में सभी उपस्थित जनों और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्र की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने की शपथ ली। विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों से महाराणा प्रताप के पदचिह्नों पर चलने का आह्वान किया।


























