
हाथरस 09 मई । उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग के निर्देशानुसार जनपद में महिलाओं के कल्याण, सशक्तिकरण और उत्पीड़न की रोकथाम हेतु आगामी 11 मई 2026 को एक विशेष भ्रमण एवं जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिला प्रोबेशन अधिकारी सीमा मौर्या ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्या रेनू गौड़ इस दौरान मौजूद रहेंगी। महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से तहसील सदर सभागार कक्ष में 11 मई को पूर्वाह्न 11:00 बजे से महिला जनसुनवाई एवं समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में घरेलू हिंसा, महिला उत्पीड़न की रोकथाम और पीड़ित महिलाओं की समस्याओं पर गंभीरता से विचार कर नियमानुसार प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। जिला प्रशासन ने जनपद की समस्त पीड़ित महिलाओं से अपील की है कि वे अपनी शिकायतों या समस्याओं के संबंध में प्रार्थना पत्र के साथ निर्धारित समय और स्थान पर उपस्थित हों। इस जनसुनवाई का मुख्य लक्ष्य पीड़ित महिलाओं की शिकायतों का मौके पर ही संज्ञान लेकर उन्हें उचित एवं त्वरित न्याय दिलाना है। कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे ताकि प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया जा सके।


























