Hamara Hathras

Latest News

सासनी 11 मई । राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहाँ आगरा फोर्ट डिपो की एक अटल बस और टैंकर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में बस में सवार दो यात्री घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। गनीमत रही कि बस में सवार अन्य 12 यात्री सुरक्षित बच गए। जानकारी के अनुसार, आगरा फोर्ट डिपो की अटल बस सेवा सोमवार सुबह करीब 14 सवारियों को लेकर आगरा से बुलंदशहर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस सासनी क्षेत्र में पराग डेयरी के समीप पहुंची, सामने से आ रहे एक टैंकर से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में घायल हुए यात्रियों की पहचान संजय (45 वर्ष) पुत्र गणेश चंद्र, निवासी आगरा और सोहेल (21 वर्ष) पुत्र इस्लाम, निवासी खानपुर, बुलंदशहर के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंची 108 एम्बुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सासनी ले जाया गया। चिकित्सकों ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की स्थिति सामान्य पाए जाने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर अपने कब्जे में लिया और बाधित हुए यातायात को पुनः सुचारू कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हादसा किस वाहन की लापरवाही के कारण हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page