
हाथरस 11 मई । मातृ दिवस (मदर्स डे) के अवसर पर ‘इनरव्हील क्लब ऑफ हाथरस जागृति’ द्वारा रामोजी रिसॉर्ट में एक भव्य सभा और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान क्लब की सभी सदस्य माताओं को सम्मानित कर उनके निस्वार्थ प्रेम और त्याग के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण बच्चों द्वारा अपनी माताओं के लिए भेजे गए केक रहे। क्लब की सदस्याओं ने सामूहिक रूप से केक काटकर मातृ दिवस की खुशियाँ साझा कीं और एक-दूसरे को बधाई दी। मातृ शक्ति के सम्मान में आयोजित वाद-विवाद (डिबेट) प्रतियोगिता में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर अपने विचार रखे। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर रजनी आंधीवाल को प्रथम पुरस्कार, लीला खंडेलवाल को द्वितीय पुरस्कार, नमृता वार्ष्णेय को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। औपचारिक कार्यक्रम के बाद क्लब की सदस्याओं ने मनोरंजन के लिए ‘हाउजी’ गेम का आनंद लिया और लजीज भोजन के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में समय बिताया। इस अवसर पर अध्यक्ष मंजू लता वार्ष्णेय, सचिव मधुराज शर्मा, सीजीआर गुंजन दीक्षित, संपादक मीनू अग्रवाल, साधना अग्रवाल, सुमन अग्रवाल, सुमन गोयल, रश्मी बागला, नमृता, रूपा, हेमलता अग्रवाल, संगीता अग्रवाल, निशि गर्ग, राधा सिंघल, नीलम गुलाटी, आभा वार्ष्णेय, अलका गोयल और अनीता सिंह सहित क्लब की सभी सम्मानित महिला सदस्य उपस्थित रहीं।


























