
मथुरा 11 मई । शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों के योगदान को रेखांकित करने और भविष्य की शैक्षणिक संभावनाओं पर संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से संस्कृति विश्वविद्यालय द्वारा एक होटल में “अभिवादन–3 : गुरु सम्मान एवं एजुकेटर्स मीट” का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों ने शिरकत की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. जगदीश शर्मा रहे। आयोजन का मुख्य आकर्षण शिक्षा जगत से जुड़े उन कर्मयोगियों का सम्मान रहा, जो नई पीढ़ी के भविष्य निर्माण में जुटे हैं। कार्यक्रम आयोजक अमित राणा के नेतृत्व में अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर सत्र का शुभारंभ किया। उपस्थित शिक्षाविदों ने विश्वविद्यालय की इस पहल को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से शिक्षकों का मनोबल बढ़ता है। संस्कृति विश्वविद्यालय की ओर से राजवीर सिंह (सीनियर मैनेजर, मार्केटिंग एवं एडमिशन), डॉ. रतीश कुमार (विभागाध्यक्ष, होटल मैनेजमेंट), अक्षय पंवार (सीनियर मैनेजर, ऑपरेशन) और गुरूचरण (सीनियर काउंसलर) ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित योजनाओं और विवि की आधुनिक शिक्षण पद्धतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बैठक के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर सहयोग और आगामी संभावनाओं पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने तकनीकी दौर में शिक्षा के बदलते स्वरूप और शिक्षकों की भूमिका पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का समापन सभी आगंतुकों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन और सामूहिक भोज के साथ हुआ। इस अवसर पर भारी संख्या में शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


























