Hamara Hathras

Latest News

सिकंदराराऊ (हसायन) 07 मई । जयपुर-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र में संचालित एक प्रतिष्ठित दुग्ध उत्पादक प्लांट पर गुरुवार को जीएसटी (GST) विभाग की टीम ने अचानक छापेमारी की। उत्तर प्रदेश सरकार लिखे कई वाहनों से पहुँची सर्वेयर टीम ने प्लांट के अंदर पहुँचते ही मुख्य द्वार बंद कर दिए और जांच शुरू कर दी। इस कार्रवाई से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जीएसटी टीम की मौजूदगी की खबर मिलते ही अन्य फैक्ट्री संचालकों ने भी अपने वाहनों और कर्मचारियों को इधर-उधर खिसकाना शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार, जीएसटी विभाग को प्लांट से बाहर जाने वाले दूध, छाछ, घी और मिल्क पाउडर जैसे उत्पादों पर जीएसटी में गड़बड़ी और बड़े स्तर पर टैक्स चोरी की आशंका थी। इसी सूचना के आधार पर सर्वेयर टीम ने दोपहर को प्लांट पर धावा बोला। टीम के अधिकारियों ने संयंत्र के भीतर कागजों के सत्यापन सहित विभिन्न स्तरों पर बारीकी से छानबीन की। समाचार लिखे जाने तक टीम प्लांट के अंदर ही मौजूद थी और दस्तावेजों की जांच में जुटी थी।

कार्रवाई के दौरान प्लांट के बाहर कवरेज करने पहुँचे मीडिया कर्मियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। संयंत्र के द्वारपालों ने पत्रकारों को छायाचित्र और वीडियोग्राफी करने से रोकने का प्रयास किया, जिससे मौके पर नोकझोंक की स्थिति भी बनी। हालांकि, छापेमारी को लेकर जीएसटी विभाग के किसी भी अधिकारी ने आधिकारिक बयान या प्रतिक्रिया देने से परहेज किया। इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र के उद्यमियों और व्यापारियों में तरह-तरह की चर्चाएं बनी रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page