
हाथरस 07 मई । मंडी समिति स्थित फर्म अरुण कुमार योगेश कुमार के यहाँ दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना से व्यापारियों में भारी आक्रोश है। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने पीड़ित फर्म मालिक से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान व्यापारियों ने मंडी सचिव के प्रति गहरा असंतोष व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि घटना की सूचना देने पर सचिव का व्यवहार अत्यंत अशोभनीय और संवेदनहीन रहा। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने ऐसे गैर-जिम्मेदार अधिकारी को तुरंत मंडी समिति से हटाने की मांग की है।
घटना के संबंध में युवा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र वार्ष्णेय ने हाथरस गेट कोतवाली निरीक्षक से फोन पर वार्ता की, जिस पर पुलिस ने शीघ्र खुलासे का आश्वासन दिया है। जिला महामंत्री अनिल तेल वालों और नगर अध्यक्ष तरुण पंकज ने जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से व्यापारियों को सुरक्षा देने की मांग की। प्रदेश पदाधिकारी कमलकांत दोवरावाल ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि यदि चोरियां नहीं रुकीं तो मंडी बंद कराई जाएगी और मामले को लेकर उच्च पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से योगेश वार्ष्णेय सहपऊ वाले, संजीव आधीवाल, प्रवीण वार्ष्णेय, राजेश कुमार पद्दू वाले, राम अग्रवाल, रवि वार्ष्णेय और चंदन दोबरावल आदि उपस्थित रहे।


























