सादाबाद 06 मई । आगरा रोड पर आज दिनदहाड़े एक शिक्षामित्र से पर्स छीनने की घटना सामने आई। आगरा जा रही शिक्षामित्र का पर्स बाइक सवार दो बदमाश झपटकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
हाथरस रोड स्थित प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षामित्र गीता देवी पत्नी भूपेंद्र सिंह, निवासी केबलगढ़ी बुधवार को विद्यालय की छुट्टी के बाद टेंपो से आगरा स्थित अपनी ससुराल बालाजी नगर, ट्रांस यमुना कॉलोनी जा रही थीं। सादाबाद के आगरा अलीगढ़ राजमार्ग पर गुरसौटी बंबा के पास पहुंचने पर पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनका पर्स झपट लिया और मौके से भाग निकले। अचानक हुई घटना से टेंपो में बैठे अन्य यात्री भी सहम गए। चालक ने तत्काल वाहन रोककर आसपास के लोगों को सूचित किया। कुछ ही देर में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। घटना की सूचना मिलते ही सीओ जेएन अस्थाना के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित शिक्षामित्र, टेंपो चालक और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। बदमाशों की तलाश के लिए तत्काल टीमें गठित की गईं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें बाइक सवार संदिग्ध बदमाश कैद हुए हैं। फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। सीओ सादाबाद जेएन अस्थाना ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
























