Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 01 मई । न्यायालय परिसर जैसी सुरक्षित जगह पर एक युवती और उसके परिवार को धमकाने का गंभीर मामला सामने आया है। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गाँव हतीसा भगवंतपुर निवासी रश्मि ने पुलिस अधीक्षक (SP) को प्रार्थना पत्र देकर एक बर्खास्त आरक्षी (सिपाही) पर कोर्ट परिसर में जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने और अपनी सुरक्षा के लिए गनर उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। पीड़िता रश्मि के अनुसार, 29 अप्रैल को वह अपनी माँ राजनश्री और पिता भगवती प्रसाद के साथ एडीजे (SC-ST) कोर्ट में एक मुकदमे की गवाही के लिए आई थी। जब कोर्ट के अंदर उसकी माँ की गवाही चल रही थी, तभी मुकदमों का आरोपी बर्खास्त आरक्षी उसके पिता के पास पहुँचा। आरोप है कि उसने धमकी देते हुए कहा कि मुकदमों में गवाही मत कराओ और फैसला कर लो, वरना जान से मार दूँगा।

रश्मि ने बताया कि उसने उक्त आरक्षी के विरुद्ध कुल पाँच मुकदमे दर्ज करा रखे हैं, जिनमें से तीन एडीजे कोर्ट और दो सीजेएम कोर्ट में विचाराधीन हैं। पीड़िता का आरोप है कि बर्खास्त सिपाही लगातार उसे और उसके परिवार को प्रताड़ित कर रहा है। पूर्व में आरोपी ने उसके भाई को झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रची थी, जिसमें विभागीय जाँच के बाद आरक्षी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल हुई थी। पीड़िता ने एसपी को दिए पत्र में स्पष्ट किया है कि उसे और उसके परिवार को बर्खास्त सिपाही से जान-माल का गहरा खतरा है। उसने मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और उसे सुरक्षा गनर दिया जाए, ताकि वह बिना किसी डर के अपने मुकदमों की पैरवी कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page