Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 29 अप्रैल । कस्बे के श्री महाराजा अग्रसेन गर्ल्स इंटर कॉलेज में बुधवार को मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को जागरूक किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नारी सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना था। छात्राओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों, महिला सुरक्षा सेवाओं और साइबर अपराध से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। मिशन शक्ति टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक अजय कुमार चौहान ने छात्राओं को संबोधित करते हुए बताया कि पुलिस विभाग महिला सुरक्षा के लिए लगातार सक्रिय है। उन्होंने किसी भी समस्या पर तुरंत पुलिस सहायता लेने की सलाह दी। चौहान ने महिला हेल्पलाइन 1090, महिला बीट पुलिस, महिला हेल्प डेस्क, परामर्श केंद्र, एंटी रोमियो स्क्वॉड और महिला साइबर सेल की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही ऑनलाइन फैमिली काउंसलिंग सुविधा के बारे में भी बताया गया। उपनिरीक्षक चौहान ने छात्राओं को साइबर क्राइम से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग सावधानीपूर्वक करें और किसी भी अनजान व्यक्ति से अपनी निजी जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिला आरक्षी काजल रानी, निशा सोलंकी और नेहा ने भी छात्राओं को विभिन्न सुरक्षा उपायों और उनके कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक किया। कॉलेज की प्रधानाचार्य जसोदा गौतम ने मिशन शक्ति टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें सुरक्षित वातावरण प्रदान करने में सहायक होते हैं। छात्राओं ने इस कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page