
हाथरस 29 अप्रैल । नगर के मोहल्ला सिद्धार्थनगर निवासी एक 45 वर्षीय व्यक्ति की हिमाचल प्रदेश में धार्मिक यात्रा के दौरान दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मिली जानकारी के अनुसार, सिद्धार्थनगर निवासी साहिल उर्फ़ दिलशेर (45 वर्ष) विगत 25 अप्रैल की सुबह हिमाचल प्रदेश स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ ज्वाला जी और चिंतपूर्णी मैया के दर्शन करने के लिए घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि ज्वाला जी में माता के दर्शन करने के उपरांत, 27 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा। आनन-फानन में उन्हें उपचार दिलाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका निधन हो गया। मृतक दिलशेर पिछले 25 वर्षों से स्थानीय सभासद नवीन सबलोक के यहाँ कार्य कर रहे थे। वह उनके परिवार के एक विश्वसनीय सदस्य की तरह जुड़े हुए थे। उनके निधन की खबर से सभासद परिवार और शुभचिंतकों में भी भारी शोक व्याप्त है। घटना की सूचना के बाद मृतक का शव कल रात करीब 9:30 बजे हाथरस स्थित उनके निवास पर पहुँचा। जैसे ही एम्बुलेंस मोहल्ले में पहुँची, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बाद में गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस हृदयविदारक घटना से मृतक के परिवार के सभी लोग स्तब्ध और मर्माहत हैं।






















