
हाथरस 29 अप्रैल । पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा रति का नगला रेलवे स्टेशन को माल परिवहन के केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के उद्यमियों और कारोबारियों को लोडिंग-अनलोडिंग की आधुनिक सुविधाएं प्राप्त होंगी। सलेमपुर औद्योगिक क्षेत्र के ठीक सामने स्थित होने के कारण यह स्टेशन भविष्य में एक बड़े लॉजिस्टिक हब के रूप में उभरेगा। रेलवे की योजना के अनुसार, यहाँ मालगाड़ियों की लंबी रैक खड़ी करने के लिए दो अतिरिक्त रेलवे लाइनों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिनमें से एक किलोमीटर लंबा ट्रैक बिछाया जा चुका है। स्टेशन पर पूरी रैक बुक करने की सुविधा शुरू होने से सलेमपुर के पुराने और 499 एकड़ में विकसित हो रहे नए औद्योगिक क्षेत्र की मल्टीनेशनल कंपनियों व करीब 400 उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे न केवल माल ढुलाई की लागत और समय में कमी आएगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के वरिष्ठ मंडलीय वाणिज्य प्रबंधक संजीव कुमार शर्मा के अनुसार, रेलवे उद्योगों को हर संभव सुविधा देने के लिए अपने बुनियादी ढांचे का विस्तार कर रहा है, जो भविष्य में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा।






















