
हाथरस 27 अप्रैल ।शहर में सुगंधित पान मसाला के पैकेट के वजन में भारी गड़बड़ी का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में एक जागरूक उपभोक्ता द्वारा कंपनी और स्थानीय दुकानदारों को विधिक (लीगल) नोटिस भेजकर जवाब तलब किया गया है।
क्या है पूरा मामला? प्राप्त जानकारी के अनुसार, मधुगढ़ी निवासी उपभोक्ता सुशीलकांत गुप्ता ने 23 जनवरी 2026 को स्थानीय ‘बिहारीजी प्रोवीजन स्टोर’ से “तानसेन ब्लूज” सुगंधित पान मसाला का एक पाउच खरीदा था। इस पैकेट पर कुल वजन 15 ग्राम (12.5 ग्राम + 2.5 ग्राम) अंकित था और इसकी कीमत 18 रुपये दर्ज थी। उपभोक्ता का आरोप है कि संदेह होने पर जब पाउच के वजन की जांच की गई, तो वह निर्धारित मात्रा से काफी कम निकला।
धोखाधड़ी और गलत ब्रांडिंग का आरोप: नोटिस में दावा किया गया है कि बाजार में उपलब्ध अन्य पाउचों की जांच करने पर उनका वास्तविक वजन मात्र 11 ग्राम पाया गया, जबकि पैकिंग पर इसे 15 ग्राम दर्शाकर ग्राहकों से पूरी कीमत वसूली जा रही है। उपभोक्ता का कहना है कि यह न केवल उपभोक्ताओं के साथ आर्थिक धोखाधड़ी है, बल्कि गलत ब्रांडिंग का भी मामला है।
कानूनी कार्रवाई की चेतावनी: उपभोक्ता सुशीलकांत गुप्ता की ओर से अधिवक्ता मनोज आंधीवाल द्वारा जिला एवं सत्र न्यायालय, हाथरस के माध्यम से यह नोटिस भेजा गया है। इससे पूर्व 24 फरवरी 2026 को भी ईमेल और रजिस्ट्री के जरिए कंपनी को सूचित किया गया था, लेकिन कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर अब कानूनी रास्ता अपनाया गया है। इस नोटिस में दिल्ली स्थित कंपनी के कार्यालय और संबंधित स्थानीय दुकानदारों को पक्षकार बनाया गया है फिलहाल, इस मामले में कंपनी या संबंधित विक्रेताओं की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन शहर में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।




















