
हाथरस 27 अप्रैल । थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव महौं में रविवार देर रात एक विवाह समारोह उस वक्त हंगामे की भेंट चढ़ गया, जब डीजे पर डांस करने को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे निकल आए, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
डांस को लेकर शुरू हुई कहासुनी: मिली जानकारी के अनुसार, गांव महौं में आयोजित शादी समारोह में बारात आई हुई थी। डीजे पर बारात में आए कुछ युवक डांस कर रहे थे, तभी पास के गांव से आए लड़की पक्ष के कुछ अन्य युवक भी वहां पहुँच गए और डांस करने लगे। इसी बीच दोनों गुटों में जगह को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बात लात-घूंसों से शुरू होकर लाठी-डंडों तक जा पहुँची।इस मारपीट में मीरपुर निवासी मोहित, तेज प्रताप और कृष्ण पाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने आनन-फानन में घायलों को जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उनका उपचार जारी है। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें मारपीट के दृश्य साफ़ देखे जा सकते हैं। सूचना पाकर हाथरस जंक्शन पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को संभाला। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ और शादी की बाकी रस्में कड़ी सुरक्षा और समझाइश के बीच पूरी कराई गईं। पुलिस का कहना है कि वे घटना की जांच कर रहे हैं और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






















