Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 25 अप्रैल । कस्बे में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। डॉ. बीआर अंबेडकर नवयुवक समिति अध्यक्ष अवनीश सागर की देखरेख में इसका आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने फीता काटकर और अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर भाजपा नेता धर्मेंद्र गौतम, बसपा के वरिष्ठ नेता डॉ. अविन शर्मा और सपा नेता शाहिद कुरेशी सहित विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधियों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। शोभायात्रा नगला केसरी, जलेसर रोड से शुरू हुई।।यह शोभायात्रा विनोबा नगर चौराहा, करवन नदी पुल, रोडवेज बस स्टैंड, सब्जी मंडी तिराहा, चौक बाजार, जवाहर बाजार और कृष्णा टॉकीज होते हुए आगरा चुंगी स्थित अंबेडकर पार्क पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर बाबा साहेब को नमन किया।

शोभायात्रा आगरा बायपास मार्ग से होते हुए मोहल्ला पोखर वाला स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा में बैंड-बाजे और डीजे की धुन पर लोग झूमते नजर आए। इसमें एक दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियां भी शामिल थीं, जिन्होंने सामाजिक समरसता और संविधान के संदेश को प्रदर्शित किया। समिति अध्यक्ष अवनीश कुमार सागर और उनकी टीम ने विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और गणमान्य लोगों का पटका पहनाकर स्वागत किया। आयोजन में अंबेडकर नवयुवक संघ की टीम के अलावा विजय प्रेमी, रमेश चंद्र जाटव, राजेश किंग, सुनील कुमार, मोनू जाटव, रामबाबू पिप्पल, विष्णु मिस्त्री, रामदास, धर्मेंद्र सागर, मदन किंग, मोहन मालती स्वरूप, विशाल कुमार, मुकेश पिप्पल, सोनू राणा, गंभीर सिंह और जेपी सागर सहित कई प्रमुख लोग शामिल रहे। यह आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ, जिसमें प्रशासन का भी सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page