
हाथरस 25 अप्रैल । उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित होमगार्ड भर्ती की लिखित परीक्षा सोमवार से जिले के 12 केंद्रों पर शुरू हो गई। यह परीक्षा 27 अप्रैल तक प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रत्येक पाली में 4416 परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। केंद्रों पर गहन तलाशी के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया गया, जिसमें पारदर्शिता के चलते कई केंद्रों पर जूते-मोजे तक उतरवा लिए गए। सभी केंद्र सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी में हैं और उच्चाधिकारी लगातार केंद्रों का भ्रमण कर रहे हैं।

इस भर्ती परीक्षा में बेरोजगारी का बड़ा चेहरा भी सामने आया है, जहां बड़ी संख्या में उच्च शिक्षित युवा शामिल हो रहे हैं। अभ्यर्थियों ने बताया कि निजी क्षेत्र में सीमित अवसरों और सरकारी नौकरी की चाहत के चलते वे इस परीक्षा में भाग ले रहे हैं। प्रशासन के अनुसार, पहले दिन की परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। आज पहली पाली में कुल 4416 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिसमें 3387 उपस्थित तथा 1029 अनुपस्थित रहे।
























