
हाथरस 25 अप्रैल । उत्तर मध्य रेलवे के डिप्टी जनरल मैनेजर अतुल मिश्र ने शुक्रवार को हाथरस जंक्शन रेलवे स्टेशन का करीब दो घंटे तक गहन निरीक्षण किया। इस दौरान प्लेटफॉर्म पर गंदगी, पेयजल व्यवस्था के पास जलभराव और टिकटों की दलाली जैसी शिकायतें मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। निरीक्षण में यात्रियों ने पानी की बोतलों पर अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने और आरक्षण में हो रही दिक्कतों की भी शिकायत की, जिसे डिप्टी जीएम ने गंभीरता से लिया। वहीं, कवरेज के दौरान उनके पीआरओ द्वारा पत्रकारों के पहचान पत्रों को फर्जी बताने पर मौके पर तीखी नोकझोंक और तनाव की स्थिति बन गई। डिप्टी जीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय में यात्री सुविधाओं और सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।























