
हाथरस 22 अप्रैल । उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जिले के कुम्हारों और शिल्पकारों को आत्मनिर्भर बनाने की कवायद शुरू हो गई है। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ‘माटीकला टूल-किट्स वितरण’ और ‘कौशल विकास प्रशिक्षण’ योजना के लक्ष्यों की घोषणा करते हुए इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। ‘माटीकला समन्वित विकास कार्यक्रम’ के अंतर्गत इस वर्ष जिले के लिए 25 टूल-किट्स का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसके तहत कुम्हार जाति के परंपरागत एवं प्रशिक्षित कारीगरों को निःशुल्क पावर चालित चाक (पॉटरी व्हील) वितरित किए जाएंगे। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक की आयु 18 से 55 वर्ष के बीच होनी चाहिए। पात्र लाभार्थियों का चयन मुख्य विकास अधिकारी (CDO) हाथरस की अध्यक्षता में गठित कमेटी द्वारा किया जाएगा।
वहीं, ‘माटीकला कौशल विकास योजना’ के तहत शिल्पकारी में निपुणता लाने के लिए 15 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए जिले को 15 प्रशिक्षणार्थियों का लक्ष्य मिला है। 18 वर्ष से अधिक आयु के इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट upmatikalaboard.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रशिक्षण हेतु अभ्यर्थियों का चयन परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी, अलीगढ़ मंडल की अध्यक्षता वाली चयन समिति द्वारा किया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेज
दोनों ही योजनाओं के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 05 मई 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्य दिवस में जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, श्याम कुंज, हाथरस में अपने प्रपत्र जमा कर सकते हैं। आवेदन के साथ निम्नलिखित दस्तावेज अनिवार्य हैं –
-
एक नवीनतम फोटो और आधार कार्ड
-
जाति एवं निवास प्रमाण पत्र
-
अनुभव एवं शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र
-
राशन कार्ड की छायाप्रति
विस्तृत जानकारी के लिए विभाग द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों 9580503128, 8650174884, या 8958664666 पर संपर्क किया जा सकता है।


























