
हाथरस 21 अप्रैल । उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स भर्ती परीक्षा-2026 को जनपद में शांतिपूर्ण और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हाथरस, श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने रिजर्व पुलिस लाइन के माधव प्रेक्षा गृह में परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा जारी गाइडलाइंस का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाएगा। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी नगर और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। हाथरस जनपद के कुल 12 परीक्षा केंद्रों पर यह भर्ती परीक्षा आगामी 25, 26 और 27 अप्रैल को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी और इसकी मॉनिटरिंग के लिए एक त्रिस्तरीय कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। पुलिस ने साफ किया है कि सुरक्षा और सुचिता के मामले में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश को लेकर बेहद कड़े नियम लागू किए गए हैं। प्रत्येक अभ्यर्थी के पहचान पत्र और प्रवेश पत्र की सघन जांच की जाएगी, जिसके लिए महिला अभ्यर्थियों की चेकिंग हेतु महिला पुलिसकर्मियों की अलग से तैनाती की गई है। अभ्यर्थियों को हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर (HHMD) से गुजरना होगा और केवल अनुमन्य सामग्री जैसे पेन और प्रवेश पत्र ही ले जाने की अनुमति होगी। केंद्र के भीतर मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर, कोई भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, वॉलेट, चश्मा और खाने-पीने की वस्तुओं समेत किसी भी प्रकार की संदिग्ध सामग्री ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
सुरक्षा के व्यापक इंतजामों के तहत 05 क्षेत्राधिकारी, 31 निरीक्षक, 92 उपनिरीक्षक और करीब 315 पुरुष व महिला कांस्टेबलों के साथ होमगार्ड्स की ड्यूटी लगाई गई है। मुख्य चौराहों पर फिक्स पिकेट तैनात किए गए हैं जो न केवल यातायात सुचारू रखेंगे बल्कि परीक्षार्थियों का मार्गदर्शन भी करेंगे। इसके अलावा, रेलवे स्टेशनों और बस स्टैंडों पर GRP व RPF के साथ तालमेल बिठाकर सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस की सोशल मीडिया सेल भी 24 घंटे सक्रिय है ताकि परीक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाने वालों पर त्वरित कानूनी कार्रवाई की जा सके।


























