
हाथरस 17 अप्रैल । श्री रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या महाविद्यालय में शुक्रवार को “नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023” के समर्थन एवं जागरूकता हेतु विभिन्न कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. सुषमा यादव के मार्गदर्शन एवं नोडल प्रभारी डॉ. अंजु आर्य के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किया गया नुक्कड़ नाटक रहा। “महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण” विषय पर आधारित इस नाटक में 6 छात्राओं ने अपनी ओजस्वी प्रस्तुति से यह संदेश दिया कि देश के विकास में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी अनिवार्य है। इस दौरान 46 छात्राएं उपस्थित रहीं। वहीं, काव्य पाठ प्रतियोगिता में बी.ए. चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा अंजली शर्मा ने “सशक्त नारी, सशक्त देश” विषय पर भावपूर्ण कविता प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। काव्य पाठ के दौरान 52 छात्राओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। नारी शक्ति वंदन – लोकतंत्र में अभिनंदन के नारों के साथ महाविद्यालय की छात्राओं ने एक विशाल पदयात्रा रैली निकाली। इस रैली का उद्देश्य समाज को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति जागरूक करना और राजनीति में महिलाओं की ‘आधी आबादी’ की भागीदारी सुनिश्चित करना था। रैली में कुल 184 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. अमृता सिंह एवं डॉ. शशि का विशेष सहयोग रहा। प्राचार्या प्रो. सुषमा यादव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस अधिनियम से महिलाओं को नेतृत्व करने के नए अवसर प्राप्त होंगे, जो एक सुदृढ़ लोकतंत्र की पहचान है।

























