
सासनी 17 अप्रैल । कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम लरौठा में एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित की पत्नी ने आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर पुलिस से सख्त कार्रवाई और मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। गांव लरौठा निवासी पीड़िता श्यामा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीते 14 अप्रैल को गांव के ही कुछ नामजद लोग उसके पति को काम के बहाने घर से बुलाकर ले गए थे। आरोप है कि वहां इन लोगों ने उसके पति के साथ घातक मारपीट की, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी उसके पति को अचेत (बेहोश) अवस्था में गाड़ी में डालकर रात करीब 9:30 बजे शहर के बांगला हॉस्पिटल में भर्ती कराकर फरार हो गए। पीड़ित को करीब 12 घंटे बाद होश आया, तब जाकर घटना की गंभीरता का पता चला। वर्तमान में घायल युवक की स्थिति नाजुक बनी हुई है और अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है। पीड़िता के अनुसार, डॉक्टरों ने स्थिति को गंभीर बताते हुए तीन ऑपरेशन करने की बात कही है। श्यामा ने बताया कि उसके दो छोटे बच्चे हैं और घर का एकमात्र कमाने वाला व्यक्ति (पति) अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है, जिससे परिवार के सामने रोजी-रोटी की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई है। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में है और प्राप्त तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के उपरांत आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।


























