
हाथरस 16 अप्रैल । जीआरपी थाना हाथरस सिटी पुलिस ने हाथरस रोड हाल्ट स्टेशन पर भीख मांगने वाले अज्ञात बाबा की जला कर हत्या के सनसनीखेज मामले का सफल अनावरण करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने खुद को मृत साबित कर पुराने मुकदमों और जेल से बचने के लिए यह खौफनाक साजिश रची थी।
घटना का विवरण:
पुलिस के अनुसार, 12 मार्च 2026 को हाथरस रोड हाल्ट स्टेशन के टीन शेड में एक अज्ञात व्यक्ति का जला हुआ शव मिला था। इस मामले में जीआरपी थाना हाथरस सिटी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम गठित कर लगातार जांच की जा रही थी।
आरोपी गिरफ्तार:
जांच के दौरान 14 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम ने आरोपी रामवीर सिंह (55 वर्ष), निवासी थाना किशनी, जनपद मैनपुरी को गिरफ्तार कर लिया।
चौंकाने वाला खुलासा:
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी था, लेकिन आपराधिक गतिविधियों के चलते बर्खास्त कर दिया गया था। आरोपी पर फिरोजाबाद, अलीगढ़, मुरादाबाद, हरदोई, मैनपुरी और बदायूं समेत कई जिलों में हत्या, अपहरण, लूट और धोखाधड़ी जैसे गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
ऐसे रची साजिश:
इन मामलों से बचने के लिए आरोपी ने योजना बनाई कि किसी अज्ञात व्यक्ति की हत्या कर उसके पास अपने पहचान पत्र रख दिए जाएं, ताकि वह खुद को मृत साबित कर सके। इसी योजना के तहत उसने हाथरस रोड हाल्ट पर भीख मांगने वाले एक अज्ञात व्यक्ति को निशाना बनाया और उसे जला कर मार डाला।
ऐसे हुआ खुलासा:
घटना को अंजाम देते समय आरोपी खुद भी झुलस गया था, जिससे पुलिस को सुराग मिला और अंततः उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस की कार्रवाई:
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले के खुलासे में जीआरपी हाथरस सिटी की टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें थानाध्यक्ष सुयश सिंह सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।


























