
अलीगढ़ 30 मार्च । मंगलायतन विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन एंड रिसर्च द्वारा “शक्ति आराधना” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह नौ दिवसीय कार्यक्रम नारी शक्ति: भारतीय सांस्कृतिक परंपरा में महिलाओं की भूमिका एवं प्रतिनिधित्व विषय पर केंद्रित रहा। वेबिनार में जम्मू-कश्मीर, लखनऊ, प्रयागराज, कानपुर, सिक्किम, हैदराबाद, मथुरा, अंबेडकर नगर, श्रीनगर एवं कोलकाता आदि से शोधार्थियों, संकाय सदस्यों तथा विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञों ने नारी शक्ति पर अपने विचार रखे। समापन समारोह की मुख्य वक्ता इंदौर के महारानी लक्ष्मीबाई कालेज की प्रो. कुमकुम भारद्वाज ने कहा कि आज के समय में नारी का सशक्त होना अत्यंत आवश्यक है, जिससे वह अपने अधिकारों की बात निडर होकर कर सके तथा अपने कर्तव्यों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर सके। संयोजक डा. प्रीति पंकज गुप्ता ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज की नारी के भीतर सबसे पहले आत्मविश्वास होना चाहिए, जिससे वह निःसंकोच, निर्भीक और सशक्त बन सके। सह संयोजक डा. प्रेमलता ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर कुलसचिव ब्रिगेडियर डा. समरवीर सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश शर्मा, डीन एकेडमिक प्रो. अम्बरीष शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर प्रो. राजीव शर्मा, प्रो. दिनेश पांडेय, प्रो. आरके शर्मा, डा. पूनम रानी, सुरजीत शर्मा, अलका सिंह, अन्नपूर्णा, विजया सिंह, मंजू आदि शामिल रहे।























