Hamara Hathras

Latest News

मथुरा 06 जून। इंडियन एसोसिएशन ऑफ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल पैथोलॉजिस्ट द्वारा के.डी. डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल में तीन दिवसीय 23वें राष्ट्रीय स्नातकोत्तर सम्मेलन का शुभारम्भ शनिवार को किया गया। सम्मेलन का शुभारम्भ के.डी. विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर मनोज अग्रवाल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अरुण अग्रवाल, कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी, अध्यक्ष डॉ. नदीम जैदी, सचिव डॉ. एन. गुरु राज, प्राचार्या डॉ. नवप्रीत कौर आदि ने विद्या की आराध्य देवी मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। राष्ट्रीय स्नातकोत्तर सम्मेलन के आयोजन चेयरमैन डॉ. उमेश चंद प्रसाद ने आगंतुकों का स्वागत करते हुए कहा कि के.डी. डेंटल कॉलेज देशभर से आए दंत चिकित्सा विशेषज्ञों तथा स्नातकोत्तर छात्र-छात्राओं को अपने बीच पाकर गौरवान्वित महसूस कर रहा है। डॉ. प्रसाद ने बताया कि इस सम्मेलन का विषय साक्ष्य-आधारित मौखिक विकृति विज्ञान है। इस विषय पर देशभर से आए परास्नातक छात्र-छात्राओं ने पेपर तथा पोस्टर प्रजेंटेशन प्रतियोगिता में न केवल साक्ष्य-आधारित मौखिक विकृति विज्ञान पर अपने अनुभव साझा किए बल्कि विजेता तथा उप-विजेता होने का गौरव भी हासिल किया। कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी ने अतिथियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि साक्ष्य-आधारित मौखिक विकृति विज्ञान सटीक निदान और प्रभावी उपचार का आधार है। यह वैज्ञानिक अनुसंधान, नैदानिक अनुभव और रोगी की प्राथमिकताओं को जोड़कर काम करता है, जिससे मुंह, जबड़े और संबंधित ऊतकों की बीमारियों (जैसे ओरल कैंसर) का बेहतर इलाज सम्भव हो पाता है। डॉ. लाहौरी ने कहा कि वर्षों का व्यावहारिक अनुभव पैथोलॉजिस्ट को माइक्रोस्कोपिक तस्वीरों, बायोप्सी रिपोर्ट और मरीज के लक्षणों का सटीक मूल्यांकन करने में मदद करता है। प्राचार्या डॉ. नवप्रीत कौर ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि के.डी. डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल दंत चिकित्सा के क्षेत्र में लगातार नवाचार और अनुसंधान को प्राथमिकता दे रहा है। यह आयोजन भावी दंत चिकित्सकों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। डॉ. कौर ने इस आयोजन के लिए डॉ. नदीम जैदी, डॉ. एन. गुरु राज, डॉ. ललित प्रकाश चंद्रा, डॉ. अलका डी. काले, डॉ. ज्योति पी., डॉ. उमेश चंद प्रसाद, डॉ. राम बल्लभ उपाध्याय, डॉ. अंकिता पटनाइक आदि को साधुवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन में विशेषज्ञ दंत चिकित्सा, मुख कैंसर निदान और ओरल मेडिसिन में वैज्ञानिक साक्ष्यों को एकीकृत करने पर मंत्रणा करेंगे। इंडियन एसोसिएशन ऑफ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल पैथोलॉजिस्ट के अध्यक्ष डॉ. नदीम जैदी ने सम्मेलन की शानदार व्यवस्थाओं के लिए के.डी. डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल की मुक्तकंठ से सराहना की वहीं सचिव डॉ. एन. गुरु राज ने कहा कि ब्रज की पावन धरा पर देश के भावी दंत चिकित्सकों का यह सम्मेलन कई मायनों में विशेष साबित होगा, इसमें कोई संदेह नहीं है। इस अवसर पर इंडियन एसोसिएशन ऑफ ओरल एंड मैक्सिलोफेशियल पैथोलॉजिस्ट की स्मारिका का विमोचन भी किया गया। आयोजन सचिव डॉ. राम बल्लभ उपाध्याय ने राष्ट्रीय स्नातकोत्तर सम्मेलन में पधारे अतिथि वक्ताओं सहित के.डी. विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल, डॉ. अजय नागपाल, डॉ. शैलेन्द्र सिंह चौहान, डॉ. सिद्धार्थ सिंह सिसोदिया, डॉ. सोनल, डॉ. विनय मोहन, डॉ. अभिषेक, डॉ. अनुज गौर, डॉ. राजीव, डॉ. प्रेरणा, डॉ. नेहा, डॉ. अनुश्री, प्रशासनिक अधिकारी नीरज छापड़िया आदि का सहयोग के लिए आभार माना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page