
हाथरस 12 जुलाई। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से जायंट्स ग्रुप ऑफ हाथरस सहेली द्वारा आज 12 जुलाई को महिला थाना परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महिला थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रितु तोमर के सान्निध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया। इस अवसर पर महिला थाना प्रभारी रितु तोमर ने जायंट्स ग्रुप के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पौधों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है जितना उनका रोपण। कार्यक्रम में ग्रुप की अध्यक्ष प्रीति वाष्णेय, पूर्व अध्यक्ष (आईपीपी) शालिनी वाष्णेय, सचिव मीनाक्षी शर्मा, उपाध्यक्ष गुंजन दीक्षित, मधुर राज शर्मा एवं संगीता भदौरिया सहित ग्रुप की अन्य सदस्य उपस्थित रहीं। सभी ने समाज से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनका संरक्षण करने तथा पर्यावरण को स्वच्छ एवं हरा-भरा बनाने का आह्वान किया।











