
हाथरस 17 अगस्त। जायंट्स ग्रुप ऑफ सहेली की ओर से देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास एवं देशभक्ति की भावना के साथ सीजे पब्लिक स्कूल में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर ग्रुप की अध्यक्ष प्रीति, कोषाध्यक्ष गुंजन, आईपीपी शालिनी, संगीता एवं मधु ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ हुआ। उपस्थित लोगों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। ग्रुप की सदस्यों ने पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया गया। ग्रुप की अध्यक्ष प्रीति ने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होगा, जब हम अपने देश, समाज और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें और उनका ईमानदारी से निर्वहन करें। उन्होंने बच्चों को राष्ट्रहित के कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन देशभक्ति की भावना को मजबूत करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के संकल्प के साथ हुआ।




