Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 03 अगस्त। बारिश के मौसम में जनपद में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। इसी बीच हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के खेरिया गांव में सांप के डसने से चार वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातम का माहौल है। खेरिया गांव निवासी मोहित का चार वर्षीय बेटा सूरज सोमवार रात घर में पलंग पर सो रहा था। देर रात करीब एक बजे अचानक सांप ने उसे डस लिया। सर्पदंश के बाद बच्चा जोर-जोर से रोने लगा और कुछ ही देर बाद अचानक बेहोश हो गया। बच्चे की हालत बिगड़ते देख परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। स्वजन आनन-फानन में सूरज को लेकर जिला अस्पताल हाथरस पहुंचे, जहां आपातकालीन विभाग में तैनात चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की पुष्टि होने के बावजूद परिजनों ने उम्मीद नहीं छोड़ी और उसे बचाने के लिए अलग-अलग स्थानों पर लेकर गए। स्वजन पहले सूरज को मथुरा के पानीगांव स्थित एक स्थान पर ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत बताया। इसके बाद परिजन अलीगढ़ भी पहुंचे, लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बेटे को बचाने के लिए परिजनों ने काफी प्रयास किए, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद मासूम की जान नहीं बच सकी। घटना के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर है। स्वास्थ्य विभाग ने बारिश के मौसम को देखते हुए लोगों से घरों के आसपास साफ-सफाई रखने और विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय पीड़ित को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाना चाहिए, ताकि समय रहते आवश्यक चिकित्सा उपचार मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page