
हाथरस 08 जुलाई। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटी और एक्सपायर मसालों के खिलाफ देशभर में विशेष छापेमारी अभियान चलाए जा रहे हैं। हाथरस में एक बड़ी कार्रवाई में विभाग ने 330 किलो मिलावटी मिर्च पाउडर और 36 क्विंटल हल्दी सीज की है। मोबाइल लैब्स के जरिए भी मौके पर मसालों की सघन जांच कर मिलावटखोरों पर शिकंजा कसा जा रहा है।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर जनपद में मिलावटी खाद्य मसालों के विरुद्ध विशेष आज भी अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व सहायक आयुक्त खाद्य अलीगढ़ मंडल अजय जायसवाल, सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय) रणधीर सिंह तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने किया। अभियान के दौरान पानी की टंकी रोड, घास की मंडी स्थित एच के एंड कंपनी से मिर्च पाउडर का एक नमूना संग्रहित किया गया। साथ ही जनहित में वहां भंडारित लगभग 330 किलोग्राम मिर्च पाउडर को अभिग्रहित कर लिया गया। इसके अलावा सासनी के एक कोल्ड में भंडारित साबुत हल्दी के संबंध में एक-एक नमूना लिया गया। इस प्रकार अभियान के दौरान कुल तीन नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। वहीं जनस्वास्थ्य की दृष्टि से कोल्ड स्टोरेज में भंडारित लगभग 36 क्विंटल साबुत हल्दी को भी अभिग्रहित कर लिया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित फर्मों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी यदुवीर सिंह, करतार सिंह, भरत सिंह, सुरेंद्र कुमार गौड़ तथा पारुल सिंह भी शामिल रहे।
Next News :-हाथरस में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5 अपंजीकृत क्लीनिक व पैथोलॉजी लैब बंद, कई संचालकों को नोटिस
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101






















