हाथरस 22 जुलाई। श्रीकृष्ण गौशाला, गौशाला रोड स्थित गौमाता, श्री गिरिराज भगवान एवं परम पूज्य पंडित गया प्रसाद जी महाराज की तपोभूमि पर श्याम गंगा इंडस्ट्रीज़ एवं श्याम गंगा एंटरप्राइजेज के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के पंचम दिवस भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, गोवर्धन पूजा और भव्य छप्पन भोग महोत्सव ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। परम पूज्य आचार्य श्री वल्लभ जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की पूतना उद्धार, शकटासुर एवं तृणावर्त वध, माखन चोरी, गोचारण लीला तथा गोवर्धन पूजा की भावपूर्ण व्याख्या करते हुए कहा कि श्रीकृष्ण की प्रत्येक लीला मानव जीवन को भक्ति, प्रेम और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि जब-जब धर्म पर संकट आता है, भगवान स्वयं अपने भक्तों की रक्षा के लिए अवतार लेते हैं।
गोवर्धन पूजा प्रसंग का वर्णन करते हुए आचार्य श्री ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने इन्द्र के अहंकार का नाश कर प्रकृति संरक्षण, गौसेवा और गिरिराज महाराज की महिमा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गौमाता, गिरिराज भगवान और श्रीकृष्ण की भक्ति से जीवन में सुख, समृद्धि और ईश्वर की कृपा प्राप्त होती है। कथा के उपरांत श्रद्धा और भक्ति के साथ गोवर्धन पूजा एवं भव्य छप्पन भोग महोत्सव का आयोजन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। मनोहारी झांकियों और छप्पन भोग के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने गिरिराज महाराज की जय-जयकार करते हुए आरती में सहभागिता की और दिव्य दर्शन का लाभ प्राप्त किया।
पूरे कथा पंडाल में “गिरिराज महाराज की जय”, “राधे-राधे” और “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष गूंजते रहे। श्रीकृष्ण गौशाला का परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा और भक्त देर तक कथा, झांकियों एवं छप्पन भोग महोत्सव का आनंद लेते रहे। इस अवसर पर श्री गोविंद बल्लभ जी ने बताया कि 23 जुलाई को कथा के षष्ठम दिवस महारास, गोपी-उद्धव संवाद, भ्रमर गीत एवं श्री रुक्मिणी विवाह का दिव्य प्रसंग सुनाया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर कथा का श्रवण करने की अपील की। कार्यक्रम में गिर्राज किशोर अग्रवाल, अजय अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल, अमित अग्रवाल, श्वेता दिवाकर (चेयरमैन, हाथरस), डॉ. आरपी गुप्ता, राजेश अग्रवाल (आरके ज्वैलर्स), अनूप अग्रवाल, श्याम सुंदर शर्मा (बंटी भैया), अतुल अग्रवाल (हींग वाले), पंकज खंडेलवाल, ऋषि बंसल एवं बांके बिहारी अग्रवाल (गंगा भवन) सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






